फिरोजाबाद में देवोत्थान एकादशी के दिन शुक्रवार रात गोपाल मैरिज होम में एक शादी समारोह के दौरान जयमाला की रस्म के बाद विवाद खड़ा हो गया। एटा निवासी कन्या पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया कि दूल्हा आकाश, जो थाना उत्तर क्षेत्र के द्वारकापुरी का निवासी बताया गया है, जयमाला के बाद दुल्हन के साथ कमरे में गया और वहां मौजूद कैमरामैनों को बाहर करके एक अन्य युवती को अंदर बुला लिया। आरोप है कि दूल्हा करीब आधे घंटे तक उस युवती के साथ कमरे में रहा और उसके साथ फोटो खिंचवाता रहा।
इसकी जानकारी मिलने पर दुल्हन ने नाराजगी जताई और दूल्हे के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले से समारोह में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। परिजनों और रिश्तेदारों ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ता चला गया।
विवाद के बाद दोनों पक्ष थाना उत्तर पहुंचे। थाना उत्तर के इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों की काउंसलिंग की जा रही है और आपसी बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
