भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ की पहली मानवरहित उड़ान (जी-1) की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि इस उड़ान को दिसंबर के आखिर या जनवरी 2027 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी है। श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से होने वाली इस उड़ान में क्रू और सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष में जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी का परीक्षण करना है। पहले चरण में ह्यूमेनॉइड रोबोट ‘व्योममित्र’ नहीं जाएगा, उसे दूसरी उड़ान में भेजा जाएगा। पहली दो उड़ानें सफल रहने पर तीसरी उड़ान में मार्च 2028 तक भारतीय गगनयात्री अंतरिक्ष जाएंगे। इस मिशन के पूरा होते ही भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद अंतरिक्ष में इंसान भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा।

मिशन को मानव-रेटेड एचएलवीएम-3 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा, जो चंद्रयान-3 वाले रॉकेट का ही अपग्रेड रूप है। फिलहाल पूरे मॉड्यूल का ‘थर्मो-वैक’ परीक्षण चल रहा है, जिसमें अंतरिक्ष जैसी निर्वात स्थिति में उपकरणों की जांच हो रही है। इसरो ने क्रू मॉड्यूल (सीएम) और सर्विस मॉड्यूल (एसएम) को अलग करने वाले सिस्टम की टेस्टिंग पूरी कर ली है। इससे इस सिस्टम के डिजाइन की क्षमता की पुष्टि हुई है। ये परीक्षण इसी साल 16 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (वीएसएससी) में किए गए थे।

वापसी के समय सर्विस मॉड्यूल को अलग करना जरूरी है, ताकि क्रू मॉड्यूल अपने हीट शील्ड के साथ वायुमंडल में प्रवेश कर सके। दोनों मॉड्यूल के बीच बिजली, संचार और पर्यावरण नियंत्रण तथा जीवन समर्थन प्रणाली से जुड़े तरल पदार्थों के लिए अम्बिलिकल कनेक्शन होते हैं, जिन्हें सेपरेशन के दौरान सही क्रम में टूटना चाहिए। वायुमंडल में दोबारा प्रवेश के दौरान तेज गर्मी से बचाव के लिए थर्मल प्रोटेक्शन सिस्टम और हीट शील्ड जरूरी हैं। हालिया परीक्षण में इनसे जुड़े हिस्सों की झटके सहने की क्षमता भी जांची गई।

क्रू मॉड्यूल की वापसी में पैराशूट अहम भूमिका निभाते हैं, जो मॉड्यूल की गति कम करने में मदद करते हैं ताकि समुद्र में उतरते समय सुरक्षित रिकवरी हो सके। जुलाई 2026 में इसरो ने पैराशूट और अन्य सुरक्षा प्रणालियों से जुड़े परीक्षणों की जानकारी दी थी। समुद्र में उतरने के बाद मॉड्यूल को सही स्थिति में रखने के लिए क्रू मॉड्यूल अप-राइटिंग सिस्टम विकसित किया गया है और जुलाई 2026 में इसके फ्लोटेशन सिस्टम का परीक्षण भी किया गया था। गगनयान में क्रू एस्केप सिस्टम भी है, जिसे उड़ान के दौरान गंभीर समस्या आने पर अंतरिक्ष यात्रियों वाले मॉड्यूल को रॉकेट से दूर ले जाने के लिए बनाया गया है। अक्टूबर 2023 में इसरो ने टीवी-डी1 परीक्षण के जरिए इस सिस्टम का उड़ान के दौरान प्रदर्शन जांचा था।

गगनयान इसरो का ह्यूमन स्पेस मिशन है, जिसके तहत 2027 में वायुसेना के तीन पायलट्स को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। ये पायलट 400 किमी के ऑर्बिट पर तीन दिन रहेंगे, जिसके बाद हिंद महासागर में स्पेसक्राफ्ट की लैंडिंग कराई जाएगी। मिशन की लागत करीब 20,193 करोड़ रुपए है। मिशन के लिए अभी वायुसेना के चार पायलट्स को चुना गया है, जिनमें से एक ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला हैं, जो एक्सियम मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन गए थे। पायलट्स को अंतरिक्ष में भेजने से पहले इसरो दो खाली टेस्ट फ्लाइट भेजेगा और तीसरी फ्लाइट में रोबोट भेजा जाएगा। इसकी सफलता के बाद चौथी फ्लाइट में इंसान अंतरिक्ष पर जा सकेंगे। पहली टेस्ट फ्लाइट इस साल के अंत तक भेजी जा सकती है।