पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक 20 से 22 दिसंबर के बीच शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं। यह यात्रा इसलिए चर्चा में है क्योंकि मलिक सिंधु जल समझौते को लेकर भारत को चेतावनी दे चुके हैं। भारत ने SCO के सभी सदस्य देशों को न्योता भेजा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुष्टि की थी कि भारत ने SCO के सभी सदस्यों को न्योता दिया है। मलिक SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग के लिए आ रहे प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे हैं। पाकिस्तान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सरकार SCO के दायरे में आपसी सम्मान के साथ सभ्यताओं के संवाद और लोगों के आपसी मेल-जोल को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले बिलावल भुट्टो 2023 में भारत आए थे। उन्होंने विदेश मंत्री के तौर पर गोवा में आयोजित SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लिया था। भारत की अध्यक्षता में हुए उस आयोजन के बाद यह पहला मौका है जब कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आ रहे हैं। फरवरी 2019 में पुलवामा और फिर 2025 में पहलगाम हमले के बाद से दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं।
सिंधु जल संधि (IWT) को लेकर मलिक भारत को चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े फैसले किए थे, जिनमें संधि को स्थगित करने की बात भी शामिल थी। वहीं, भारत ने कई मौकों पर साफ किया है कि आतंकवाद खत्म होने से पहले किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। SCO की स्थापना 2001 में शंघाई में हुए शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, और भारत तथा पाकिस्तान 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने थे।
