प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की 100वीं वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं को संबोधित किया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने महात्मा गांधी के 1930 के आत्मनिर्भरता और स्वदेशी वस्तुओं के संदेश को याद किया और कहा कि 100 साल बाद भी देश को उसी संदेश को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने उद्योग जगत से कहा कि यह पुरानी सरकार नहीं, बल्कि दोस्तों की सरकार है, और उद्योगपति बेझिझक लिखकर बताएं कि और क्या सुधार किए जाने चाहिए।
प्रधानमंत्री ने फार्मास्युटिकल उद्योग से आयात पर निर्भरता घटाने की सलाह दी और कहा कि भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है, फिर भी हर साल अरबों डॉलर के एपीआईएस, बल्क ड्रग्स और ड्रग इंटरमीडिएट्स का आयात किया जाता है। उन्होंने उद्योग जगत से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और विदेशी बाजारों की मांग के अनुरूप उत्पाद विकसित करने का आग्रह भी किया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और देश की विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। कर सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि मूल कॉर्पोरेट टैक्स की दर 2014 के 30% से घटाकर 22% की गई है और अब 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स नहीं लगता। उन्होंने कहा कि पहले रिफंड में आठ महीने लगते थे, अब यह एक हफ्ते के भीतर मिल जाता है।
प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से कहा कि 140 करोड़ भारतीयों को निश्चित बाजार समझकर हल्के में न लें और देश के लोगों को भी निर्यात स्तर की अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत ने कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं और उद्योग जगत को इनसे मिले अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अक्तूबर में भारत का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब डॉलर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक आंकड़ा है।