नई दिल्ली। इस साल की शुरुआत में सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी गई थी और भाव प्रति दस ग्राम 2 लाख रुपये के स्तर तक पहुंच गया था। अब सोने में गिरावट का दौर चल रहा है। इस साल सोना अपने उच्च स्तर से करीब 25 फीसदी तक टूट चुका है। फंड्स इंडिया रिसर्च के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 तक साल के दौरान सोने में 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और नवंबर में यह और बढ़ गई। 1980 के बाद यह सोने में आई सबसे बड़ी गिरावटों में से एक है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना अब भी 3800 डॉलर के नीचे कारोबार कर रहा है। कई वैश्विक ब्रोकरेज फर्मों और विश्लेषकों का मानना है कि सोने की कीमतों में 3200 से 3400 डॉलर के स्तर देखने को मिल सकते हैं। इस बीच आम निवेशक के मन में सवाल है कि क्या सोने में गिरावट और गहराएगी।
गोल्ड प्राइस के इतिहास पर नजर डालें तो अतीत में कई बार सोने में दोहरे अंकों की गिरावट देखी गई है, लेकिन उन वर्षों में सोने ने अंत में सकारात्मक रिटर्न दिया। 1980 में सोने में 40 फीसदी की गिरावट आई थी, लेकिन साल के अंत में इसने 4 फीसदी का सकारात्मक रिटर्न दिया। फंड्स इंडिया के विश्लेषण के अनुसार, 1980 के बाद से सोने में साल के दौरान औसतन लगभग 13 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। ऐतिहासिक आंकड़े बताते हैं कि 10-15 प्रतिशत की गिरावट असामान्य नहीं है, लेकिन इस बार 1980 के बाद पहली बार 25 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है।
ऐतिहासिक आंकड़े एक अहम अंतर दर्शाते हैं कि किसी ऊंचे स्तर से आई भारी गिरावट यह तय नहीं करती कि पूरे साल निवेश का प्रदर्शन कैसा रहेगा। विश्लेषण के मुताबिक, भारी गिरावट के बाद सोना खरीदने वाले निवेशकों को आगे भी उतार-चढ़ाव के लिए तैयार रहना चाहिए और यह नहीं मानना चाहिए कि कीमतें तुरंत वापस ऊपर आ जाएंगी। पिछली रिकवरी से एक अंदाजा मिल सकता है, लेकिन यह इस बात की गारंटी नहीं है कि आगे क्या होगा।
