गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल एक बैकहो लोडर की टक्कर से चौरी-चौरा निवासी ओंकार सिंह के बड़े बेटे की मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने करीब चार घंटे तक गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी और एसएसपी के पहुंचने और आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
स्वजनों के अनुसार ओंकार सिंह को तीन पीढ़ी बाद दो बेटे हुए थे। झारखंडी के आवास-विकास कालोनी में रहने वाले ओंकार सिंह के बड़े बेटे की मौत बुधवार को रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से हुई। सभा, रैली या रोड शो में बैकहो लोडर शामिल करने का नियम नहीं है, इसके बावजूद रोड शो में बड़ी संख्या में बैकहो लोडर शामिल हुए और आयोजकों व कार्यकर्ताओं ने इनसे पुष्प वर्षा कराई।
कार्यक्रम समाप्त होने और रोड शो आगे निकलने के बाद बैकहो लोडर तेज रफ्तार से दौड़ते नजर आए। हादसे के बाद जिस बैकहो लोडर का चालक वाहन लेकर भागने लगा, उसे देख रहे एक यूट्यूबर ने चिल्लाकर बताया कि उसने किशोर को कुचल दिया है। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैकहो लोडर को कब्जे में ले लिया।
हादसे के बाद पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न दिखने पर परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। करीब चार घंटे इंतजार के बाद शाम छह बजे स्थानीय पार्षद रणवीजय जुगुनु के नेतृत्व में मोहल्ले के लोग, स्वजन और भाजपा कार्यकर्ता झारखंडी मोड़ पर धरने पर बैठ गए, जिससे गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर यातायात ठप हो गया और दोनों तरफ तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। तीन घंटे बाद जिलाधिकारी और एसएसपी के पहुंचने और आश्वासन मिलने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद दोनों अधिकारी पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचे। इस दौरान भाजपा के जिला महामंत्री योगेश प्रताप सिंह समेत कई पदाधिकारी पीड़ित परिवार के घर मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निर्देश पर देर रात शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
