पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के अजीज लेन स्थित प्रकाशपुंज अपार्टमेंट में चार चोरों ने दो फ्लैटों से 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। चोरी की वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जक्कनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, फ्लैट नंबर 103 के मालिक सत्यम सिंह 14 नवंबर को परिवार के साथ छठ पर्व मनाने सहरसा जिले के कठडुमर गांव गए हुए थे। घर में ताला लगा होने का फायदा उठाकर चार बदमाशों ने अपार्टमेंट में प्रवेश किया और दोनों फ्लैटों के मुख्य दरवाजों की कुंडी काट दी। बदमाशों ने पहले फ्लैट नंबर 101 में प्रवेश किया, लेकिन वहां करीब 15 सेकंड रुककर बाहर निकल गए। इसके बाद उन्होंने फ्लैट नंबर 103 को निशाना बनाया और अलमारियों को तोड़कर कीमती सामान समेटना शुरू कर दिया।

चोरी गए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां, इयररिंग, झुमके, नथनी, सोने के सिक्के, चांदी के सिक्के, चेन और पायल शामिल हैं। इनमें पारंपरिक सोने के आभूषणों से भरी एक पुरानी पोटली भी बताई जा रही है। चोरी गए जेवरात और नकदी की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चारों बदमाशों की पहचान में जुटी है। फुटेज में एक बदमाश गेट के पास निगरानी करता दिख रहा है, जबकि दूसरा अपार्टमेंट के गार्ड से बातचीत में उलझा हुआ है। इसी दौरान अन्य दो बदमाश फ्लैटों में घुसकर वारदात को अंजाम देते हैं। छठ पर्व मनाकर लौटे सत्यम सिंह ने मुख्य दरवाजे की टूटी कुंडी और बिखरा सामान देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।