गोरखपुर की रोहिन नदी में दस दिनों के भीतर अलग-अलग तीन स्थानों पर एक बालक समेत तीन लोग डूब गए। लगातार तलाश अभियान के बावजूद तीनों का शव अब तक बरामद नहीं हो सका है। एनडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोर और पुलिस नदी में तलाश कर रही है। शव न मिलने से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी को लेकर दहशत में हैं। आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छों ने तीनों को अपना निवाला बना लिया हो, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पहली घटना महराजगंज जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चेहरी टोला कोल्हुआ जोत निवासी दीपनारायण निषाद के 10 वर्षीय पुत्र प्रियांशु निषाद से जुड़ी है। छठ पर रविवार की सुबह वह अपने माता-पिता के साथ रोहिन नदी के मछरिहा घाट गया था, जहां उसके नदी में डूबने की आशंका जताई गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।

दूसरी घटना में चिलुआताल थाना क्षेत्र के चिऊटहा गांव के 22 वर्षीय मनीष कुमार तीन दिन पूर्व चिऊटहवा पुल के नीचे रोहिन नदी में मछली पकड़ने गया था और डूब गया। उसका शव भी नहीं मिला है। इसके अलावा पीपीगंज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर टोला बैकुंठपुर निवासी तूफानी के 30 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार दो दिन पूर्व अकटहवा घाट पर मछली पकड़ने गया था। नदी किनारे उसके कपड़े और चप्पल मिले, लेकिन शव का पता नहीं चला।

तीनों घटनाओं के बाद से एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर और पुलिस तलाश में जुटी है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में मगरमच्छों की संख्या अधिक है, ऐसे में वे डूबने वालों को निवाला बना सकते हैं।