गुरुग्राम नगर निगम शहर में कचरा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था सुधारने के लिए सेंसर आधारित स्मार्ट डस्टबिन लगाने की तैयारी कर रहा है। ये डस्टबिन शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। इनमें फिल सेंसर लगाए जाएंगे, जो कचरे के स्तर की लगातार निगरानी करेंगे और डस्टबिन भरने से पहले ही नगर निगम को अलर्ट मिल जाएगा। इसके बाद संबंधित सफाई टीम को कचरा उठाने के लिए भेजा जा सकेगा।
प्रस्तावित स्मार्ट डस्टबिन में भूमिगत हाइड्रोलिक स्टोरेज सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे कचरा जमीन के नीचे व्यवस्थित तरीके से एकत्र होगा। योजना का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने और डस्टबिन के बाहर गंदगी फैलने की समस्या को कम करना है।
नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज के अनुसार, निगम का प्रयास है कि तकनीक के इस्तेमाल से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बने और कचरा फैलने की समस्या पर नियंत्रण हो। शहर में 36 वार्ड और छह जोन हैं तथा सफाई व्यवस्था के लिए दस से अधिक एजेंसियां काम कर रही हैं।
उधर, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में सामान्य डस्टबिन की उपलब्धता एक बड़ी समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर कूड़ेदान पर्याप्त नहीं हैं और कई टूट चुके हैं, जिससे लोग खुले में कचरा डालने को मजबूर हैं। शहर के करीब 21 मार्केट सेक्टरों में भी सफाई व्यवस्था चिंताजनक बनी हुई है।
