ज्ञानवापी से जुड़े सबसे प्राचीन मुकदमे में पूर्व डीजीसी (सिविल) विजय शंकर रस्तोगी को वाद मित्र पद पर नियुक्त किए जाने के खिलाफ दाखिल पुनरीक्षण याचिका पर गुरुवार को विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण (प्रथम) सुधाकर राय की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आवेदिका अनुष्का तिवारी की ओर से न्यायिक और सरकारी अभिलेखों को रिकॉर्ड पर लेने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया गया। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए एक दिसंबर की तिथि तय की है।
प्रार्थना पत्र में वर्ष 2019 से दस अगस्त 2026 तक विजय शंकर रस्तोगी को उपलब्ध कराई गई सशस्त्र सुरक्षा से जुड़े मूल सरकारी दस्तावेज तलब करने का अनुरोध किया गया है। इनमें सुरक्षा देने, उसे जारी रखने और नवीनीकरण से संबंधित आवेदन, पुलिस रिपोर्ट, आदेश और पत्राचार शामिल हैं।
इसके अलावा 12 मई 2026 को शासन के गृह विभाग को लिखे गए पत्र की प्रति, सुरक्षा संबंधी सूचना मांगने के लिए किए गए आरटीआई आवेदन और उसके जवाब सहित अन्य दस्तावेज भी दाखिल किए गए हैं। आवेदिका की ओर से वाद मित्र की नियुक्ति पर सवाल उठाए गए हैं।
अदालत ने विजय शंकर रस्तोगी और अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद के वकील को आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर देते हुए अगली सुनवाई के लिए एक दिसंबर की तिथि नियत की है।
