देहरादून/हरिद्वार: हरिद्वार कुंभ-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में आयोजित कार्यक्रम में नेत्र कुंभ-2027 का शंखनाद किया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी संस्था 'सक्षम' और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि नेत्र कुंभ मानव सेवा और परोपकार की भारतीय परंपरा को आगे बढ़ाने वाला अभियान है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार कुंभ-2027 के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही एक लाख लोगों को मुफ्त चश्मे वितरित किए जाएंगे और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन किए जाएंगे। श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सीएम धामी ने आयोजन समिति को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन इस अभियान की सफलता के लिए हर संभव सहयोग देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और परोपकार का संदेश भी देता है। भारतीय संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुंभ इसी भावना को धरातल पर उतारने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लोग आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते; ऐसे लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा पहुंचाना सराहनीय प्रयास है।
सीएम धामी ने बताया कि नेत्र कुंभ की शुरुआत वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इसका आयोजन किया गया, जहां लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों ऑपरेशन किए गए। उन्होंने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है और सरकार भव्य, दिव्य एवं सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से नेत्र कुंभ-2027 में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, आरएसएस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार और नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
