लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए पीडीए प्रभारी घोषित किए हैं। पार्टी ने इससे पहले पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिसके बाद कांग्रेस के साथ गठबंधन की चर्चाओं के बीच सियासत गरमाई थी। माना जा रहा है कि पीडीए प्रभारी एसएसआर प्रक्रिया के लिए घोषित किए गए हैं।

पार्टी की ओर से बागपत की बड़ौत सीट से सुखेंद्र तोमर, गाजियाबाद की लोनी सीट से अनिल कसाना और गाजियाबाद सीट से अभिषेक गर्ग को पीडीए प्रभारी बनाया गया है। गौतमबुद्ध नगर की नोएडा सीट से मुकेश शर्मा, हाथरस सीट से रामनारायण काके और सादाबाद सीट से देवेंद्र अग्रवाल को यह जिम्मेदारी दी गई है।

मथुरा की छाता सीट से लोकमणि जादौन और मांट सीट से संजय लाठर को पीडीए विधानसभा प्रभारी घोषित किया गया है। आगरा की बाह सीट से कृष्ण वर्मा निषाद, शाहजहांपुर की तिलहर सीट से रोशनलाल वर्मा और जालौन की कालपी सीट से श्रीराम पाल को पीडीए प्रभारी बनाया गया है।

सपा और कांग्रेस के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन पर चर्चा चल रही है। इस बीच पार्टी ने पहले पांच उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिसमें सहारनपुर की दो सीटें शामिल थीं। इस पर कांग्रेस ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा था। अब पीडीए प्रभारियों के नामों की चर्चा संबंधित क्षेत्रों में विधानसभा उम्मीदवार के तौर पर हो रही है।