महिला आरक्षण विधेयक को लेकर ममता बनर्जी की 'गंदा बिल' टिप्पणी पर बंगाल की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। शनिवार को दिल्ली पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने विधेयक को 'गंदा बिल' कहा था। उन्होंने कहा था कि महिलाओं के अधिकारों के लिए उन्होंने सबसे अधिक संघर्ष किया है और वर्ष 2024 में ही महिला आरक्षण विधेयक पारित हो चुका है, ऐसे में अब इस मुद्दे पर अलग से दावे किए जा रहे हैं। उनकी इस टिप्पणी पर भाजपा ने भी आपत्ति जताई है।

इस बयान पर उनकी पूर्व सहयोगी और अब एनसीपीआई सांसद माला रॉय, तृणमूल सांसद जून मालिया और एनसीपीआई सांसद शताब्दी राय ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। शताब्दी राय ने ममता की टिप्पणी पर सीधी प्रतिक्रिया देने से परहेज किया और कहा कि उन्हें कुछ तो कहना ही था, उन्होंने अपनी सोच के मुताबिक बात रखी है। एनसीपीआई को अभी तक मान्यता न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी दो दिन बाकी हैं और पार्टी कानूनी तरीके से ही काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की ओर से सभी जरूरी सवालों के लिखित जवाब दिए जा चुके हैं। उन्होंने तृणमूल के चुनाव चिह्न और अस्तित्व पर भी सवाल उठाए।

माला रॉय ने ममता के बयान पर कुछ कहने से इन्कार किया, लेकिन कहा कि यदि विधेयक महिलाओं के पक्ष में आता है और इससे उनका भला होता है तो उसका समर्थन किया जाना चाहिए। तृणमूल सांसद जून मालिया ने भी टिप्पणी पर कुछ कहने से परहेज करते हुए कहा कि ममता ने जो उचित समझा, वही कहा। उनके अनुसार लोकसभा में सीटें बढ़ने से अधिक लोगों को संसद में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा और 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने से उन्हें भी प्रतिनिधित्व मिलेगा।

जून मालिया ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ सांसदों की एक शिष्टाचार बैठक प्रस्तावित है, जिसके लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने आमंत्रित किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री की ओर से सांसदों के लिए दोपहर के भोज का निमंत्रण भी है। संसद के विशेष सत्र से पहले इन बैठकों और महिला आरक्षण तथा परिसीमन पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के रुख पर नजर रहेगी।