झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (JRDA) की कार्ययोजना और अग्नि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की धीमी गति से प्रधानमंत्री कार्यालय संतुष्ट नहीं है। इसी क्रम में 30 नवंबर को कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त की अध्यक्षता में योजना की समीक्षा प्रस्तावित है। इसके बाद दिसंबर के दूसरे सप्ताह में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और उनके वरिष्ठ सलाहकार तरुण कपूर पूरी योजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठकों का उद्देश्य अब तक हुए काम का आकलन करना और पुनर्वास की धीमी गति, निविदा प्रक्रिया में आ रही अड़चनें, निर्माणाधीन योजनाओं तथा प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग में तेजी लाने के लिए जवाबदेही तय करना है।
केंद्र सरकार ने 25 जून 2025 को संशोधित झरिया मास्टर प्लान को मंजूरी दी थी, जिसके लिए कुल 5,940.47 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के पहले चरण में 81 सबसे संवेदनशील स्थलों से 15,080 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाना है। इनमें 649 बीसीसीएल परिवार, 1,130 रैयत (एलटीएच) और 13,301 गैर रैयत (नॉन एलटीएच) परिवार शामिल हैं। इस चरण का लक्ष्य दिसंबर 2028 तक पूरा करना है।
बेलगड़िया टाउनशिप में फेज-1, फेज-2 और फेज-3 के आवासों के उन्नयन के लिए जेआरडीए ने निविदा जारी की है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 82.46 करोड़ रुपये है। टाउनशिप में सीवरेज व्यवस्था के लिए करीब 67 करोड़ रुपये की योजना है, जिसके तहत 5.2 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। इस योजना की पहली निविदा में केवल एक एजेंसी के हिस्सा लेने पर 4 नवंबर को इसे रद्द कर दिया गया था। जेआरडीए ने नई निविदा जारी की है, जिसकी अंतिम तिथि 30 नवंबर और निविदा खुलने की तारीख 2 दिसंबर निर्धारित है। परियोजना में पांच साल का संचालन एवं रखरखाव भी शामिल है।
प्रमुख विकास कार्यों में फेज-4 में स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण (2.16 करोड़ रुपये), मेगा स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण (3.71 करोड़ रुपये), आरएसपी कॉलेज का नवीनीकरण एवं उन्नयन (6 करोड़ रुपये), बेलगड़िया फेज-1 में सड़क एवं पेवर ब्लॉक का निर्माण (2.90 करोड़ रुपये), फेज-2 और फेज-3 में पीसीसी सड़क का निर्माण (2.90 करोड़ रुपये) तथा बेलगड़िया में दो सामुदायिक भवनों का निर्माण (3.60 करोड़ रुपये) शामिल हैं। इन सभी की कुल अनुमानित लागत 166.10 करोड़ रुपये है।
