हिमाचल प्रदेश में प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की रूपरेखा जनता की राय और क्षेत्रीय परिस्थितियों के आधार पर तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को आयोग के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए आयोग को आम लोगों और जिला प्रशासन से सुझाव लेने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनर्गठन में प्रदेश की जनसांख्यिकी, भौगोलिक परिस्थितियों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। आयोग पहले एसओपी तैयार करेगा, जिसमें पुनर्गठन से जुड़े विभिन्न पहलुओं और प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आम लोगों और जिला प्रशासन से मिले सुझावों से अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों, स्थानीय परिस्थितियों और प्रशासनिक व्यावहारिकताओं को समझने में मदद मिलेगी। इन्हीं सुझावों के आधार पर पुनर्गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) को आयोग के सुचारू कामकाज के लिए पूरा सहयोग और जरूरी सुविधाएं देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति धर्म चंद चौधरी, सदस्य विशाल पंवर और राजेश शर्मा, सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव हरबंस सिंह ब्रेसकान तथा निदेशक भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त तोरुल एस रवीश उपस्थित रहे।