घर के किसी भी कमरे का लुक बदलने के लिए जरूरी नहीं कि हर बार नया फर्नीचर खरीदा जाए। एक खूबसूरत और रंग-बिरंगा रग भी इस काम को आसान बना सकता है। बस जरूरत होती है अपने स्पेस के हिसाब से सही साइज का रग चुनने की। रग खरीदते समय उसका पैटर्न, रंग या मटेरियल देखने से पहले उसका साइज देखना सबसे जरूरी माना जाता है।

लिविंग रूम के लिए रग लेने से पहले यह देख लें कि वहां फर्नीचर की सेटिंग कैसे की गई है। ऐसा न हो कि कॉफी टेबल के दो लेग रग के ऊपर हों और बाकी दो खाली फर्श पर। इस कमरे के लिए रग का चुनाव सबसे मुश्किल माना जाता है, क्योंकि इसमें टेबल के साथ-साथ कुर्सियों की सेटिंग का भी ध्यान रखना पड़ता है। मेहमानों के कुर्सी खींचकर बैठने पर भी उसके लेग्स रग के बाहर नहीं जाने चाहिए, वरना रग के किनारों में उलझकर गिरने का खतरा रहता है।

बेडरूम में रग बिछाने का मकसद होता है कि सुबह उठते ही पैर खाली फर्श के बजाय मुलायम रग पर पड़ें। लेकिन अक्सर यह गलती हो जाती है कि रग को बेड से काफी आगे बिछा दिया जाता है, जिससे उसका कोई उपयोग नहीं रह जाता। इसलिए रग को बेड के लेग के करीब ही बिछाएं, उससे आगे नहीं।

किचन के लिए ज्यादातर रनर स्टाइल के रग ही अच्छे और काम के साबित होते हैं। इस दौरान ध्यान रखें कि रग एंटी स्किड हो, यानी पैर रखते ही वह फिसले नहीं। केबिनेट्स से शुरू होकर सिंक एरिया तक बिछा हुआ रग ज्यादा खूबसूरत नजर आता है।