एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल में गुरुवार को इंडिया ए को श्रीलंका ए के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मैच में अंपायरों के कुछ फैसलों को लेकर विवाद देखने को मिला, जिससे भारतीय खिलाड़ी नाराज दिखे। इस टूर्नामेंट में डीआरएस की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए खिलाड़ियों के पास फैसलों को चुनौती देने का विकल्प भी नहीं था।
भारत की पारी के 37वें ओवर में रविंदु फर्नांडो की एलबीडब्ल्यू अपील पर अंपायर ने उप-कप्तान रिंकू सिंह को आउट करार दिया। रिंकू ने बल्ले का किनारा लगने का इशारा किया और फैसले पर नाराजगी जताई, लेकिन उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। माना जा रहा है कि गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे से टकराकर पैड पर लगी थी।
गेंदबाजी के दौरान भी अंपायरिंग को लेकर सवाल उठे। बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद ने लुसिथ क्रूसपुले का बल्ला चकमा देकर गेंद पैड पर मारी, लेकिन अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। उस समय क्रूसपुले 65 रन पर खेल रहे थे और उन्होंने आगे शतक लगाकर श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसी तरह हर्श दुबे की गेंद पर मदुश्का रिवर्स स्वीप के प्रयास में चकमा खा गए और गेंद उनके पैड पर लगी, फिर भी अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया। इन घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और फैंस अंपायरों के फैसलों पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने 318 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे श्रीलंका ने क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने की शतकीय पारियों की मदद से 41.3 ओवर में ही हासिल कर लिया।
