भारत सरकार ने बुधवार को अमेरिका के उस दावे को साफ शब्दों में खारिज कर दिया कि भारत की औद्योगिक और व्यापार नीतियां जानबूझकर जरूरत से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता पैदा कर रही हैं। वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि देश के किसी भी सेक्टर में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता (ओवरकैपेसिटी) नहीं है और व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान दोनों देशों के बीच चल रही द्विपक्षीय बातचीत से ही होना चाहिए।
मंत्रालय ने बताया कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत सहित कई देशों से आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क का सुझाव दिया है, हालांकि इसमें यह प्रावधान भी है कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमति बनने पर यह शुल्क घटाकर 17 प्रतिशत किया जा सकता है। यह मामला अमेरिका की धारा 301 के तहत चल रही जांच का हिस्सा है, जो 16 देशों और आर्थिक क्षेत्रों के खिलाफ मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में कथित अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर शुरू की गई है। इनमें चीन, यूरोपीय संघ, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान, बांग्लादेश, जापान, नॉर्वे, मेक्सिको और भारत शामिल हैं। अमेरिका का दावा है कि इन देशों की नीतियों से उनकी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता जरूरत से ज्यादा हो गई है, जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार भारत ने इस जांच प्रक्रिया में रचनात्मक सहयोग किया और नोटिस के जवाब से लेकर आगे की कार्यवाही तक स्पष्ट रूप से बताया कि किसी भी सेक्टर में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी पक्ष द्वारा जारी निर्धारण संबंधी नोटिस पर फिलहाल गौर किया जा रहा है।
सरकार ने दोहराया कि भारत और अमेरिका पहले से द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं और भारत का रुख साफ है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान इन वार्ताओं के दायरे में ही किया जाना चाहिए। मंत्रालय ने कहा कि भारत 2 फरवरी 2026 को घोषित और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है।
