अबू धाबी में भारत-यूएई संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (JDCC) की अहम बैठक हुई, जिसमें दोनों देशों ने हथियारों की खरीद-बिक्री से आगे बढ़कर साथ मिलकर उत्पादन करने का फैसला किया। भारतीय रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और यूएई के अवर सचिव लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम नासिर एम. अल अलावी इस बैठक में शामिल हुए। तय हुआ कि दोनों देश मिलकर ड्रोन, मिसाइल सिस्टम और रक्षा तकनीक विकसित करेंगे।
सहयोग सिर्फ हथियारों तक सीमित नहीं है। दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा में भी साझेदारी बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। नौसैनिक और तटीय सुरक्षा के लिए ड्रोन तकनीक, सटीक हमला करने वाले हथियार, मिसाइल सिस्टम और जहाजों के निर्माण पर भी बात बनी है। यूएई ने भारत के आकाश सरफेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम, पिनाका रॉकेट सिस्टम, ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और आकाशतीर एयर डिफेंस सिस्टम जैसे प्लेटफॉर्म्स में दिलचस्पी दिखाई है।
समझौतों को जमीन पर उतारने के लिए दोनों देशों की कंपनियों के बीच बातचीत शुरू हो गई है। भारतीय अधिकारियों के साथ भारतीय रक्षा कंपनियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी यूएई गया है, जहां बिजनेस-टू-बिजनेस मॉडल के तहत साझेदारी और ज्वाइंट प्रोडक्शन के स्वरूप पर चर्चा हुई।
इस कदम को मक्का पैक्ट के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की ने मक्का पैक्ट के तहत हथियारों के उत्पादन और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। तुर्की के पास पश्चिमी देशों की आधुनिक हथियार तकनीक तक पहुंच है और वह उन्नत ड्रोन बना रहा है, जिसका लाभ पाकिस्तान भारत के खिलाफ उठा रहा है। यूएई ने किसी एक गुट पर निर्भर न रहने और अपने हथियारों में विविधता लाने की मंशा जताई है। भारत और यूएई I2U2 समूह के सदस्य भी हैं, और दोनों देशों के बीच रक्षा निर्माण को लेकर हुआ यह समझौता मक्का पैक्ट का जवाब माना जा रहा है।
