भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक समझौते पर बातचीत जारी है। दोनों देशों के मंत्रियों और अधिकारियों ने इसे जल्दी पूरा करने के बयान दिए हैं, लेकिन इसी बीच अमेरिका की ओर से टैरिफ को लेकर नया प्रस्ताव सामने आया है। करीब डेढ़ साल की बातचीत के बाद अमेरिका ने भारत के लिए 17% टैरिफ का प्रस्ताव दिया है। इससे पहले समझौता न होने की स्थिति में भारत पर 25% टैरिफ लगाने की बात कही गई थी। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मामलों के विशेषज्ञ डॉ. राम सिंह ने इस स्थिति में भारत के लिए छह रणनीतिक विकल्प सुझाए हैं।

डॉ. सिंह के अनुसार, भारत को समझौते में मोस्ट फेवर्ड नेशन (MFN) का प्रावधान शामिल कराने पर जोर देना चाहिए, ताकि भविष्य में अमेरिका किसी अन्य साझेदार को कम टैरिफ दे तो भारत को भी वही सुविधा अपने आप मिले। निवेश से जुड़े MFN प्रावधान के तहत भारतीय निवेशकों को अमेरिका में दूसरे देशों के निवेशकों के समान व्यवहार मिलना चाहिए। साथ ही सेमीकंडक्टर, डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, महत्वपूर्ण खनिज और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में अमेरिकी कंपनियों के निवेश को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

विशेषज्ञ ने पांच साल बाद अनिवार्य समीक्षा यानी सनसेट क्लॉज का प्रावधान शामिल करने की सलाह दी है, ताकि यह पता चल सके कि दोनों देशों को कितना फायदा हुआ और समझौते की शर्तें भारत की घरेलू जरूरतों के अनुरूप हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि समीक्षा का इस्तेमाल मनमाने तरीके से समझौते से बाहर निकलने के लिए नहीं होना चाहिए।

सबसे संवेदनशील मुद्दा टैरिफ दोबारा लागू करने यानी स्नैप-बैक का है। भारत को सुनिश्चित करना चाहिए कि अमेरिका सिर्फ किसी आरोप या अपने प्रशासनिक फैसले के आधार पर दी गई टैरिफ छूट वापस न ले सके। टैरिफ बढ़ाने से पहले फैसला रोकने, बातचीत, पारदर्शी जांच, अपना पक्ष रखने का मौका और स्वतंत्र समीक्षा जैसी प्रक्रियाएं पूरी होनी चाहिए। कार्रवाई उल्लंघन के अनुपात में हो और जवाबी शुल्क की अधिकतम सीमा तय हो। बाजार तक पहुंच के मुद्दे पर भारत अमेरिका के कुछ चुनिंदा कृषि उत्पादों के लिए टैरिफ-रेट कोटा (TRQ) पर विचार कर सकता है, जिसमें तय मात्रा तक कम शुल्क पर आयात की अनुमति दी जाए। यह छूट सभी कृषि उत्पादों के लिए नहीं होनी चाहिए और हर उत्पाद के लिए अलग कोटा तय होना चाहिए, जिसमें घरेलू किसानों और संवेदनशील कृषि क्षेत्रों की जरूरतों का ध्यान रखा जाए।