रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारतीय नौसेना के जहाजों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम के अपग्रेडेशन और प्रबंधन के लिए इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ समझौता किया गया है। यह करार करीब 211.48 मिलियन डॉलर यानी 1,976 करोड़ रुपये का है। नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में इस कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर हुए।
मंत्रालय के अनुसार इस अपग्रेड का उद्देश्य जहाजों पर मौजूद एयर डिफेंस सिस्टम की क्षमताओं को बढ़ाना है, ताकि मिसाइलों या अन्य लक्षित हमलों से जहाजों की सुरक्षा मजबूत हो सके। कॉन्ट्रैक्ट के तहत इजरायली कंपनी सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में सुधार करेगी और तकनीकी समस्याओं को दूर करने में मदद करेगी। इससे नौसेना की पॉइंट-डिफेंस क्षमताओं की रेंज और प्रभावशीलता बढ़ने की उम्मीद है।
इस बीच रक्षा मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में नौसेना के लिए आठ नेक्स्ट जनरेशन कॉर्वेट की खरीद के लिए गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 53,866 करोड़ रुपये के दो कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किए। अनुबंधों के तहत जीआरएसई पांच कॉर्वेट बनाएगी, जबकि जीएसएल शेष तीन का निर्माण करेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस परियोजना को भारत के स्वदेशी जहाज निर्माण इकोसिस्टम के लिए अच्छी खबर बताया था। कॉर्वेट अपेक्षाकृत छोटे, तेज और आधुनिक हथियारों से लैस युद्धपोत होते हैं, जिनका इस्तेमाल समुद्री निगरानी, दुश्मन की पनडुब्बियों और जहाजों से मुकाबले तथा तटीय सुरक्षा के लिए किया जाता है।
