अमेरिका की एक अदालत ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रॉ के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को समन जारी करने के लिए दिल्ली की अदालतों से सहयोग मांगा है। यह आदेश खालिस्तान समर्थक संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (SFJ) के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा दायर एक दीवानी मुकदमे के सिलसिले में दिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले की अदालत की जज कैथरीन पोल्क फैला ने यह आदेश जारी किया। अदालत के क्लर्क को निर्देश दिया गया है कि वे जरूरी न्यायिक दस्तावेज अंतरराष्ट्रीय डाक या कूरियर के जरिए दिल्ली की तीन जिला अदालतों—पटियाला हाउस, द्वारका और तीस हजारी कोर्ट—भेजें। अमेरिकी अदालत ने भारत की संबंधित अदालतों से अनुरोध किया है कि वे इस दीवानी मामले में प्रतिवादियों को समन तामिल कराने में सहयोग करें।

आदेश के मुताबिक, हेग कन्वेंशन के तहत भारत के केंद्रीय प्राधिकरण के माध्यम से समन भेजने की कोशिश की गई थी, जिसे अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद अदालत ने हेग कन्वेंशन के अनुच्छेद 19 और भारत की नागरिक प्रक्रिया संहिता के तहत समन तामिल कराने के वैकल्पिक तरीके को मंजूरी दी। सूत्रों ने इस कदम को एक नियमित और प्रक्रियात्मक कदम बताया है और कहा कि अमेरिकी कोर्ट की ओर से जारी समन बाध्यकारी नहीं है।

इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग ने भारतीय दूतावास के जरिए समन भेजा था और स्पष्ट किया था कि इसका मतलब मामले पर कोई पक्ष लेना नहीं है। उल्लेखनीय है कि साल 2013 में भी SFJ द्वारा दायर एक मुकदमे में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दीवानी समन भेजा गया था, जिसमें 1984 के दंगों से जुड़े मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था।