सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एमएम सुंदरेश ने बुधवार को कहा कि कोविड के बाद सुप्रीम कोर्ट में दायर होने वाले मामलों की संख्या दोगुनी से ज्यादा हो गई है। पहले साल में करीब 35-36 हजार मामले आते थे, लेकिन अब यह संख्या 80 हजार से पार पहुंच गई है। जस्टिस सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच के सामने एक वकील ने सुनवाई के लिए तारीख मांगी थी। वकील ने कहा कि सूची में नीचे होने के कारण मामले की सुनवाई आज होने की संभावना नहीं है और वह गुरुवार को भी उपलब्ध नहीं रहेंगी।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर एक व्यक्ति ने बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के जबरन अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन उसकी कोशिश नाकाम हो गई। ड्यूटी पर तैनात CISF जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह उन्हें धक्का देकर चेक-इन एरिया की ओर भागने लगा। इसके बाद क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की मदद से जवानों ने उसे कुछ ही सेकंड में पकड़ लिया। CISF ने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर बताया कि जवानों की सतर्कता से एयरपोर्ट पर तनाव के हालात नहीं बने। व्यक्ति की पहचान और उसकी मंशा के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।
संसद के आगामी सत्र पर बुधवार को राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। सूत्रों के अनुसार, सरकार के समक्ष दो विकल्प हैं। पहला, मानसून सत्र का सत्रावसान कर 7 से 23 दिसंबर तक शीतकालीन सत्र बुलाया जाए, जिसकी 12 बैठकों में महिला आरक्षण और लोकसभा की सीटें बढ़ाने के लिए परिसीमन से जुड़े बिल पेश किए जाएं। दूसरा विकल्प विशेष बैठक का है। मानसून सत्र की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थी और सत्रावसान न होने के चलते उसकी बैठकें शॉर्ट नोटिस पर फिर बुलाई जा सकती हैं। नवंबर के अंतिम सप्ताह में 3 दिन की बैठक बुलाकर महिला आरक्षण व परिसीमन बिल पेश किए जा सकते हैं, और शीत सत्र इसके बाद बुलाया जाए। अगले 48 घंटे में किसी एक विकल्प पर फैसला संभव है।
गुजरात में सूरत के उधना-मगदल्ला रोड स्थित सफल स्क्वायर कॉम्प्लेक्स में AHTU ने मंगलवार देर शाम सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, होटल संचालक राजेशसिंह ने डमी ग्राहक से 9 हजार रुपए वसूले थे। छापे के दौरान वह बाथरूम जाने का बहाना बनाकर खिड़की से भागने लगा, लेकिन चौथी मंजिल से पाइपलाइन के जरिए नीचे गिर गया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से 5 हजार से 15 हजार रुपए तक की रकम लेकर उन्हें VVIP ट्रीटमेंट देता था। पुलिस को इस रैकेट में नशीले पदार्थों की सुविधा उपलब्ध कराने की भी आशंका है।