जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर लतीफ भट के मारे जाने के बाद देर रात करीब 10 बजे उसके परिजनों ने उसे उसके घर से लगभग 160 किलोमीटर दूर दफना दिया। अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद थे। परिजनों ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में इसकी पुष्टि की।

लतीफ भट के परिवार को कुपवाड़ा जिले की बंगस घाटी के एक गांव में ले जाया गया, जहां उसे धार्मिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दफनाया गया। उसका परिवार कुपवाड़ा के ख्रेवान गांव में रहता है। परिजनों को अंतिम संस्कार की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की इजाजत नहीं थी।

लतीफ भट के मामा मोहम्मद अल्ताफ ने बताया कि सुरक्षा बलों ने उनके फोन कब्रिस्तान तक पहुंचने से लगभग 10 किलोमीटर पहले ही ले लिए थे। अंतिम संस्कार में परिवार के आठ पुरुष मौजूद थे, जिनमें उसके पिता मुश्ताक अहमद भट, दो मामा, तीन चाचा और एक बहनोई शामिल थे।

केंद्र सरकार की नीति के तहत मारे गए आतंकवादियों के शव उनके परिवारों को नहीं सौंपे जाते। गृह मंत्री अमित शाह ने 29 जून 2025 को लोकसभा में कहा था कि अब जहां भी कोई आतंकवादी मारा जाता है, उसे वहीं दफना दिया जाता है। केंद्र सरकार के अनुसार, लतीफ भट जम्मू-कश्मीर में इस आतंकी संगठन का आखिरी सक्रिय स्थानीय सदस्य था और वह पिछले हफ्ते सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में भी शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।