जमालपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर बड़ी पुल के पास गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तीन नंबर पटरी पर खड़ा एक इलेक्ट्रिक इंजन अचानक लुढ़ककर पटरी से उतर गया। घटना के समय आसपास के मुख्य ट्रैक से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी और न ही कोई रेलकर्मी चपेट में आया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया और दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) की टीम को मौके पर बुलाया गया।

जानकारी के अनुसार, अंडाल निर्मित इलेक्ट्रिक इंजन संख्या 12658 को तीन नंबर पटरी पर खड़ा किया गया था और उसे स्थिर रखने के लिए पहिये के नीचे गुटका भी लगाया गया था। इसके बावजूद बगल से गुजरी मालगाड़ी के कंपन से इंजन धीरे-धीरे लुढ़कने लगा और पटरी से नीचे उतर गया। घटनास्थल के पास से मेल-एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का नियमित परिचालन होता है।

सूचना पर सीनियर डीएमई डीजल केके दास, स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत यादव समेत विभिन्न विभागों के रेलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद एआरटी टीम ने इंजन को सुरक्षित पटरी पर चढ़ाया।

इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और इंजन खड़ा करते समय अपनाई जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पहिये के नीचे गुटका लगाए जाने के बावजूद इंजन कैसे लुढ़क गया। घटना के वास्तविक कारणों का पता विभागीय जांच के बाद ही चल सकेगा।