राजस्थान के पंचायत चुनाव में कांग्रेस की सफलता से उत्साहित झारखंड कांग्रेस आगामी पंचायत चुनावों में राजस्थान का फॉर्मूला अपनाने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं का मानना है कि आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने से भाजपा को मात दी जा सकती है।

रांची। राजस्थान के पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मिली सफलता से झारखंड कांग्रेस के नेता उत्साहित हैं। पार्टी राज्य में शीघ्र होने वाले पंचायती राज चुनावों में राजस्थान का फॉर्मूला अपनाकर बदलाव लाने का संकल्प ले रही है। इस मुद्दे पर कांग्रेस के तमाम गुट एकजुट हो गए हैं और पार्टी में राजस्थान फॉर्मूले पर काम करने की योजना बन रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पूरा देश भाजपा का विकल्प तलाश रहा है और झारखंड में भी भाजपा को मात मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पार्टी नेताओं ने आपसी मतभेद दरकिनार कर पार्टी उम्मीदवारों के लिए काम किया, जिसका नतीजा सभी के सामने है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड में गुटबाजी नहीं है और तमाम सीनियर नेता पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में एकजुट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में इसी कारण पार्टी को अच्छी बढ़त मिली थी और कुछ सीटें मामूली अंतर से हारी थीं, जिसकी भरपाई इस चुनाव में हो जाएगी। उनके अनुसार उम्मीदवारों के चयन को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने फॉर्मूला तय कर दिया है, जिस पर सभी सहमत हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने राजस्थान के पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर कहा कि वहां डबल इंजन सरकार के दोनों इंजन फेल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्य में प्रतिकूल राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस का यह प्रदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और आम जनता के विश्वास को दर्शाता है। उनके अनुसार राजस्थान के 37 जिलों में से 30 जिलों में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने और जिला परिषद की अधिकांश सीटों पर जीत दर्ज करने से स्पष्ट है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की जनता कांग्रेस की नीतियों के साथ खड़ी है। भरतपुर और झालावाड़ जैसे क्षेत्रों में पार्टी को मिली बढ़त को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।