पूर्वी सिंहभूम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों के वेतन भुगतान की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नवंबर 2026 से सभी कर्मियों की सैलरी HRIS पोर्टल के जरिए जारी होगी। सिविल सर्जन कार्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित कर्मियों को सात दिनों के भीतर अपनी जानकारी ऑनलाइन अपडेट करने का निर्देश दिया है। प्रोफाइल और जरूरी दस्तावेज अपडेट न होने पर वेतन भुगतान अटकने की आशंका जताई गई है।
कर्मचारियों को एबी ईएएस आईडी से लॉगिन कर व्यक्तिगत विवरण, पदस्थापन, सेवा अवधि और वेतन से जुड़े अभिलेख पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। एचआरआईएस के साथ एसीवीएमएस पर भी आवश्यक जानकारियां दर्ज करनी होंगी।
नई व्यवस्था में आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। प्रत्येक कार्यदिवस में कर्मचारियों को कार्यालय या संस्थान में हाजिरी बनानी होगी और हर महीने 26 तारीख को उपस्थिति की समीक्षा होगी। छुट्टी के लिए भी ऑनलाइन आवेदन और स्वीकृति जरूरी होगी, मैनुअल आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उपस्थिति सत्यापन के बाद अधिकृत अधिकारी वेतन पत्रक तैयार करेंगे, जिसके आधार पर पे-स्लिप और उपस्थिति विवरण के साथ भुगतान होगा।
तकनीकी दिक्कत होने पर प्रखंड डाटा प्रबंधक या जिला अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है, जबकि 104 हेल्पलाइन भी उपलब्ध है। सिविल सर्जन ने साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट मांगी है और लापरवाही बरतने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
