झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी को 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा से जुड़े एक मामले में पुख्ता सबूत मिले हैं। सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 की जांच में सामने आया है कि परीक्षा में सफल घोषित आरोपी गोपाल कुमार (रोल नंबर- 2601117950) ने परीक्षा केंद्र पर नाममात्र के सवाल हल किए थे, लेकिन मूल्यांकन के समय उनकी ओएमआर शीट के अधिकांश गोले भरे मिले।

परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि पूरी परीक्षा अवधि में गोपाल कुमार अधिकतर समय निष्क्रिय बैठा रहा और उसने बेहद कम सवालों के जवाब लिखे। इसके उलट आयोग में मूल्यांकन के दौरान उनकी ओएमआर शीट के ज्यादातर गोले भरे पाए गए। जांच में यह बात सामने आई कि परीक्षा खत्म होने के बाद बाहर सेटिंग कर ओएमआर शीट में हेराफेरी की गई थी।

जांच में गोपाल कुमार के एसबीआई बैंक खाते और उससे जुड़े लोन अकाउंट के स्टेटमेंट से वित्तीय लेन-देन की पुष्टि हुई है। कथित तौर पर उन्होंने परीक्षा में गड़बड़ी कराने और सिंडिकेट को भुगतान के मकसद से आठ लाख रुपए का बैंक लोन लिया था। सिंडिकेट के कथित सरगना और सह-आरोपी अभय कुमार तिवारी के बयान से खुलासा हुआ है कि गोपाल ने 11वीं से 13वीं जेपीएससी परीक्षा और बाद में सीजीएल में अपनी पत्नी के चयन के लिए बिचौलिए लालू कुमार यादव को करीब 11 लाख रुपए दिए थे। गोपाल की पत्नी ने बाद में डोरंडा स्थित नेपाल हाउस (सचिवालय) में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (एएसओ) के पद पर योगदान दिया है।

तकनीकी जांच में गोपाल के मोबाइल नंबर का सीडीआर खंगालने पर सिंडिकेट के मुख्य आरोपी अभय कुमार तिवारी, लालू कुमार यादव, आदित्य पांडेय, उमेश कुमार और बुधेश्वर भगत जैसे बिचौलियों के साथ लगातार संपर्क की पुष्टि हुई है। परीक्षा से ठीक पहले और परिणाम जारी होने के आसपास इन नंबरों के बीच हुई कॉल और लोकेशन डिटेल्स से साजिश की कड़ियां जुड़ती हैं। अभय कुमार तिवारी ने अपने बयान में गोपाल की पहचान उन अभ्यर्थियों में की है, जिनकी ओएमआर शीट परीक्षा संचालन एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) और जेपीएससी के कुछ अधिकारियों की कथित मिलीभगत से बाद में रंगी गई थी।