दक्षिण कोरिया की ब्यूटी इंडस्ट्री का दायरा अब के-पॉप और कोरियन ड्रामा से आगे बढ़ चुका है। कोरियन स्किनकेयर और कॉस्मेटिक्स ब्रांड अमेरिका और यूरोप के बड़े बाजारों में तेजी से जगह बना रहे हैं और भारत में भी इनकी मांग बढ़ रही है। ग्लास स्किन लुक वाले प्रोडक्ट्स युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं। अमेजन की बेस्टसेलर लिस्ट से लेकर Sephora और Target जैसे रिटेल स्टोर तक कोरियन ब्रांड मौजूद हैं।
साल 2025 में दक्षिण कोरिया ने रिकॉर्ड 11.43 अरब डॉलर यानी करीब 1 लाख करोड़ रुपये के कॉस्मेटिक्स का निर्यात किया, जो पिछले साल से 12.3% ज्यादा है। पहली बार अमेरिका चीन को पीछे छोड़कर कोरियन कॉस्मेटिक्स का सबसे बड़ा बाजार बन गया। कोरियन कॉस्मेटिक्स अब 202 देशों में पहुंच रहे हैं, जबकि 2024 में यह संख्या 172 थी। जुलाई में NielsenIQ की रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल बाजार में K-Beauty की बिक्री एक साल में 53% और दो साल में 131% बढ़ी।
इस सफलता के पीछे मजबूत मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम है। Original Development Manufacturer (ODM) कंपनियां दूसरे ब्रांडों के लिए प्रोडक्ट बनाने के साथ रिसर्च, फॉर्मूलेशन और डिजाइन में भी मदद करती हैं, जिससे नए ब्रांड को अपनी फैक्ट्री और लैब नहीं लगानी पड़ती। Cosmax और Kolmar Korea दोनों ने 2025 में ओडीएम कारोबार से 1 ट्रिलियन वॉन (करीब 7 हजार करोड़ रुपये) से ज्यादा की बिक्री की। कंपनियों ने शीट मास्क, कुशन फाउंडेशन और सन स्टिक जैसे प्रोडक्ट लोकप्रिय बनाए, जबकि स्नेल म्यूकिन और सेंटेला एशियाटिका जैसे इंग्रीडिएंट्स चर्चा में हैं। सोशल मीडिया और किफायती कीमतों ने भी इनकी लोकप्रियता बढ़ाई है।
भारत में भी के-ब्यूटी का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। साल 2024 में यह करीब 3700 करोड़ रुपये का था और 2030 तक करीब 14 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, यानी सालाना करीब 25 फीसदी की बढ़त। भारत में दक्षिण कोरिया के 60 से ज्यादा ब्यूटी ब्रांड मौजूद हैं। बिजनेस वर्ल्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक बिक्री में डायरेक्ट टू कंज्यूमर्स यानी डीटूसी की हिस्सेदारी करीब आधी है।
