कैथल पुलिस ने रविवार अलसुबह पूंडरी-नैना रोड पर हुई मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों गांव भाना की खेल नर्सरी में तैनात एक बॉक्सिंग कोच पर जानलेवा हमले की योजना बना रहे थे। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव करोड़ा निवासी टिंकू और अभिषेक के रूप में हुई है।
डीएसपी सुशील प्रकाश के अनुसार शनिवार रात एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में एएसआई राममेहर, एएसआई अनिल कुमार, एचसी देवेंद्र और सिपाही सुखविंद्र की टीम पूंडरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पूंडरी-नैना रोड पर कार्रवाई की, जहां आरोपियों से मुठभेड़ हुई।
डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले बॉक्सिंग कोच का गांव करोड़ा के कुछ व्यक्तियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने कोच पर जानलेवा हमला करने की योजना बनाई थी। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित वारदात टल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। टिंकू के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित रोहतक, गुरुग्राम व कैथल आदि जिलों में करीब 7-8 आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं, जबकि अभिषेक के खिलाफ भी करीब 3-4 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
