कानपुर के औद्योगिक भविष्य पर आयोजित विमर्श के दूसरे सत्र में उद्यमियों और विशेषज्ञों ने शहर की पुरानी औद्योगिक गरिमा लौटाने के उपायों पर चर्चा की। गुरुवार को आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब सभागार में ‘औद्योगिक विकास : संभावना और वास्तविकता’ विषय पर हुई इस चर्चा में वक्ताओं ने उत्पादों की ब्रांडिंग, तकनीकी उन्नयन और एकल विंडो समन्वय पर जोर दिया।

सीएलई मध्य क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष असद के. इराकी ने कहा कि कानपुर के उत्पाद लंदन और अमेरिका के हाई-स्ट्रीट बाजारों में बिकते हैं तथा गुच्ची-प्राडा जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए भी यहां उत्पाद बनते हैं, लेकिन अपनी ब्रांडिंग न होने से सही कीमत नहीं मिलती। उन्होंने निफ्ट जैसे संस्थानों और उद्योग के बीच समन्वय तथा लखनऊ एयरपोर्ट को ‘कानपुर-लखनऊ एयरपोर्ट’ के रूप में विकसित करने की मांग की।

रक्षा उद्यमी मनोज गुप्ता ने कहा कि आधुनिक युद्ध तकनीक ड्रोन, एंटी-ड्रोन और माइक्रो मिसाइलों पर केंद्रित हो गई है, इसलिए रक्षा क्षेत्र में सीधे अंतिम उत्पाद के बजाय कंपोनेंट बनाने के अवसर अधिक हैं। नार्दर्न इंडिया होजरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बंका ने कहा कि तकनीक अपनाने में पिछड़ने से कानपुर तिरुपुर और लुधियाना से आगे निकल गया, जबकि होजरी और रेडीमेड उद्योग ही शहर की टेक्सटाइल विरासत बचाए हुए हैं। उन्होंने आधुनिक डिजाइन स्टूडियो और टेस्टिंग लैब की स्थापना की मांग की।

संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने कहा कि सभी विभागों की एकीकृत योजना के साथ विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाने की जरूरत है और ‘क्रीडा’ जैसी एकल नोडल संस्था से ऐसी समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों में कानपुर क्षेत्र से रक्षा विनिर्माण लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाली इकाइयों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। सत्र का संचालन लोकल इंचार्ज गौरव दीक्षित ने किया।