कश्मीर घाटी में बढ़ती ठंड के बीच स्कूल शिक्षा निदेशालय ने कश्मीर संभाग के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में शीतकालीन छुट्टियों की घोषणा कर दी है। यह छुट्टियां हायर सेकेंडरी स्तर तक के स्कूलों पर लागू होंगी। निदेशालय ने शुक्रवार को यह आदेश जारी किया।
कश्मीर के स्कूल शिक्षा निदेशक की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, छुट्टियों का कार्यक्रम अलग-अलग कक्षाओं के लिए अलग-अलग तय किया गया है। प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल 30 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक बंद रहेंगे।
वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की छुट्टियां 14 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक घोषित की गई हैं। इसका मतलब है कि छोटी कक्षाओं के बच्चों को फरवरी के अंत तक छुट्टियां मिलेंगी, जबकि बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों को फरवरी के तीसरे सप्ताह में स्कूल लौटना होगा।
बता दें कि ठंड के कारण बच्चों के स्कूल जाने से परेशान अभिभावक लगातार सरकार से छुट्टियों की मांग कर रहे थे।
