नई दिल्ली। संविधान दिवस और बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर दिल्ली के कुसुमपुर पहाड़ी इलाके में महिलाओं और बाल विवाह से बचाई गई बेटियों ने जागरूकता के लिए मशाल जुलूस निकाला। इस मार्च में करीब 2,000 महिलाओं, बच्चों, बाल विवाह से बचाई गई बेटियों और स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया। सभी ने 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 में शुरू किए गए ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार देश में बाल विवाह की दर 2005-06 में 47.4 प्रतिशत थी, जो 2023-24 में घटकर 20.1 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि भारत 2030 तक बाल विवाह मुक्त होने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ने सभी को शपथ दिलाई कि वे न तो किसी बाल विवाह में शामिल होंगे और न ही इसे बढ़ावा देंगे। साथ ही, कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे। इस अवसर पर बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिक समाज संगठनों के नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) के संस्थापक भुवन ऋभु भी मौजूद रहे।

भुवन ऋभु ने कहा कि 2030 तक बाल विवाह का खात्मा अब एक साकार होने वाला लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि 27 नवंबर को ‘बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के रूप में मान्यता मिलना इस दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णायक मोड़ है। उन्होंने ही इस समर्पित अंतरराष्ट्रीय दिवस की घोषणा के लिए वैश्विक पहल शुरू की थी और मार्च 2026 में संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन के दौरान यह मांग दोहराई थी। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर 27 नवंबर को यह दिवस घोषित किया।