लखीसराय नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की सोमवार को सभापति अरविंद पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर से सटे बालगुदर, नीरपुर, गोविंदबीघा, कोरिया और दामोदरपुर मौजों को नगर परिषद क्षेत्र में शामिल करने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय सात अक्टूबर 2009 को तत्कालीन सभापति सीमा कुमारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पारित संकल्प के आधार पर लिया गया है। बैठक में नौ नवंबर की बैठक के निर्णयों का संपुष्टिकरण भी किया गया।
बैठक में विद्यापीठ चौक और बाइपास बस स्टैंड की बंदोबस्ती कराने का निर्णय लिया गया, जिसके लिए जल्द निविदा निकाली जाएगी। छठ घाटों पर कराए गए कार्यों के भुगतान को लेकर सभापति और उपसभापति शिवशंकर राम के बीच तीखी बहस हो गई। उपसभापति ने खर्च का ब्योरा मांगा, जबकि सभापति ने कार्यपालक पदाधिकारी से जानकारी लेने की बात कही। बहस के बाद उपसभापति बैठक छोड़कर बाहर चले गए। बाद में सभापति ने भुगतान की स्वीकृति देते हुए कार्यालय के बड़ा बाबू को पूरी जानकारी उपसभापति को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
समिति ने मुख्य सड़क, पचना रोड और चितरंजन रोड पर निर्मित फुटपाथ और नाले पर हुए अतिक्रमण को हटाने का निर्णय लिया। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी से दंडाधिकारी और पुलिस बल उपलब्ध कराने को पत्राचार किया जाएगा। सभी वार्डों के पार्षदों से विकास योजनाओं की सूची लेने का भी निर्णय हुआ, ताकि वार्ड स्तर पर योजनाओं का चयन किया जा सके। बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में दूरसंचार नियम, 2024 के प्रविधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को स्वीकृति दी गई। बैठक में समिति सदस्य शबनम बानो, सुनैना देवी और सुरेंद्र मंडल मौजूद रहे।
