महाराष्ट्र के लातूर में टीपू सुल्तान की तस्वीर वाले पोस्टर का कथित तौर पर अपमान करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह कथित घटना रविवार को छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक व्यक्ति ने पोस्टर पर पैर रखा, जबकि दूसरे ने उसे प्रदर्शनकारियों के बीच बांटा। शिकायत 39 वर्षीय वकील मुहम्मद अली अब्दुल रशीद शेख ने दर्ज कराई है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान टीपू सुल्तान के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए गए और टिप्पणियां की गईं।
शिवाजीनगर पुलिस ने सोमवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 (पूजा स्थल या किसी पवित्र वस्तु को नष्ट करने, नुकसान पहुंचाने या अपवित्र करने) और धारा 3(5) (साझा मंशा के आधार पर संयुक्त आपराधिक दायित्व) के तहत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।