लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के नए उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने बीते चार वर्षों में मंजूर नक्शों की प्रधान महालेखाकार (पीएजी) की टीम से जांच कराने का फैसला किया है। यह जांच वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक पास हुए नक्शों की होगी, जिसमें पार्किंग से लेकर शमन तक की व्यवस्थाओं को खंगाला जाएगा।
राजधानी लखनऊ में पिछले कुछ महीनों में अग्निकांड की कई घटनाओं को लेकर एलडीए पर बड़े आरोप लगे थे। शहर में अवैध आवासीय और व्यावसायिक निर्माण को लेकर भी प्राधिकरण संदेह के घेरे में था। एलडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने इस स्थिति से निपटने के लिए पीएजी टीम से जांच कराने का निर्णय लिया है।
एलडीए के वीसी के निर्देश पर चार वर्ष के पास नक्शों की जांच होगी। पीएजी की टीम पार्किंग से लेकर शमन तक की व्यवस्थाओं की जांच करेगी। उत्तर प्रदेश कैडर के 2013 बैच के आईएएस अधिकारी अनुज सिंह ने हाल ही में एलडीए उपाध्यक्ष का कार्यभार संभाला है। वह आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक हैं और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रहे हैं। इससे पहले वह मुरादाबाद के जिला मजिस्ट्रेट के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
