गुरुनानक जयंती के मौके पर लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर मुफ्त पेट्रोल बांटा गया। यह लंगर पंकज कुमार ने लगाया था, और पंप ठीक एक गुरुद्वारे के सामने स्थित था। पंप पर मुफ्त पेट्रोल मिलने की खबर फैलते ही वहां गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।

पंकज कुमार ने बताया कि उन्होंने यह राशि अपनी साल भर की कमाई के एक हिस्से से निकाली थी। पहले यह लंगर एक घंटे के लिए लगाया गया था, लेकिन बाद में यह दो घंटे तक चलता रहा। POI Pulse की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान करीब 50 हजार से 60 हजार रुपये के बीच खर्च हुए।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पंकज कुमार को पंप पर भीड़ के बीच गाड़ियों का प्रबंधन करते देखा जा सकता है। वीडियो में पंप के सामने स्थित गुरुद्वारे की झलक भी दिखती है।

इस वीडियो पर यूजर्स की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि मदद के और भी तरीके हो सकते थे। एक यूजर ने लिखा है कि अस्पताल के बाहर खाना बंटवाया जा सकता था, तो वहीं एक अन्य यूजर का कहना है कि इतने रुपयों में कई बच्चों की मदद की जा सकती थी। एक यूजर ने इसे लंगर का मजाक बताया है।