महराजगंज में लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली लगने से घायल किशोर सहजाद की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। एसएसबी जवान के बेटे सहजाद को ननिहाल में खेलते समय गोली लगी थी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

महराजगंज के सोनौली थाना क्षेत्र के जारा गांव स्थित ननिहाल में लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली से घायल किशोर सहजाद की गुरुवार की सायं गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। किशोर के पेट में गोली लगी थी। घटना के बाद से उसका उपचार बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में चल रहा था।

परसामलिक थाना क्षेत्र के मर्यादपुर गांव निवासी मकबूल बलरामपुर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह करीब 15 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। 23 नवंबर की शाम वह अपनी पत्नी और बेटे सहजाद के साथ ससुराल गए थे। बताया जा रहा है कि मकबूल के पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जो लोड अवस्था में रखी हुई थी। इसी दौरान सहजाद पिस्टल उठाकर उससे छेड़छाड़ करने लगा और अचानक गोली चल गई, जो उसके पेट में जा लगी।

गोली लगने के बाद स्वजन आनन-फानन में उसे गोरखपुर ले गए और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को तत्काल नहीं दी गई थी। बाद में मेडिकल कॉलेज से गनशाट इंजरी की सूचना गुलरिहा थाने को मिली, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सहजाद कक्षा आठ का छात्र था। घटना के बाद उसके पिता मकबूल के बाएं हाथ में भी पट्टी बंधी होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि हाथ में चोट कैसे लगी, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

सोनौली थानाध्यक्ष विशाल शुक्ला ने किशोर की मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।