पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के टाटा कॉलोनी स्थित माधोपुर में गुरुवार रात एक स्वर्ण व्यवसायी के बंद घर में भीषण चोरी की घटना हुई। चोर घर से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और पक्के सोने के आभूषण समेत पांच लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। स्वर्ण व्यवसायी बंधु धर्मेंद्र सोनी अपने पुराने मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ मनेर के गांधी हाट स्थित सृष्टि मैरिज हॉल के समीप बने अपने नए मकान में आयोजित गृहप्रवेश के भोज में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोर घर के पीछे से अंदर घुसे और दो कमरों के ताले तोड़कर आलमारियों में रखे जेवरात और नकदी समेट ली।

रात करीब 11 बजे परिवार के सदस्य जब पुराने मकान लौटे तो कमरों के दरवाजे टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। आलमारियों की जांच पर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी गायब मिले, जिसके बाद मनेर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने एसआई अफसर अली, अभय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजकर जांच शुरू कराई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र आभूषण बनाने का काम करते हैं, जबकि उनके भाई जितेंद्र की मनेर बस्ती रोड पर शगुन ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। विभिन्न दुकानदारों से उन्होंने सोना आभूषण बनाने के लिए ले रखा था।