जम्मू के आरएसपुरा स्थित एक पैलेस में वीरवार को शादी समारोह के दौरान दहेज की मांग के आरोप को लेकर दूल्हा पक्ष और लड़की पक्ष के बीच विवाद हो गया। कठुआ से आई बारात को लड़की पक्ष ने पैलेस के मुख्य गेट पर ताला लगाकर अंदर रोक दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ और शादी की रस्में दोबारा शुरू हुईं।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लड़की की शादी के लिए कठुआ से बारात आई थी और शुरुआत में समारोह सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान आरोप है कि दूल्हे की मां ने लड़की पक्ष के सामने दहेज की मांग रखी, जिस पर लड़की पक्ष के लोगों ने नाराजगी जताई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

लड़की पक्ष ने पहले बातचीत के जरिए मामला सुलझाने और लड़के पक्ष को मनाने का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर उन्होंने पैलेस के मुख्य गेट पर ताला लगाकर बारात को अंदर रोक दिया, जिससे समारोह में तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। काफी देर तक चली बातचीत के बाद आपसी सहमति से विवाद सुलझ गया। इसके बाद पैलेस का गेट खोला गया और शादी की रस्में दोबारा शुरू हुईं।