सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ क्षेत्र स्थित जमुआर नाले पर इन दिनों बड़ी संख्या में सारस पक्षियों ने बसेरा बना लिया है। पानी और हरियाली के बीच विचरण करते इन पक्षियों का झुंड राहगीरों को आकर्षित कर रहा है। सुबह और शाम इनके कलरव से पूरा परिवेश गूंज उठता है।

सारस भोजन की तलाश में पानी में अपनी लंबी चोंच डालते और उथले हिस्सों में घूमते नजर आते हैं। कई बार पूरा झुंड नाले के किनारे शांत भाव से खड़ा दिखता है, तो अचानक एक साथ उड़ान भरते सारसों की कतारबद्ध उड़ान मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करती है। राहगीर इस नजारे को निहारने के लिए रुक जाते हैं और मोबाइल कैमरों में पल संजोते हैं।

सारस उत्तर प्रदेश का राजकीय पक्षी है, जिसकी पहचान उसकी लंबी गर्दन, ऊंचे कद और विशिष्ट बनावट से होती है। यह सामान्यतः तालाबों, जलाशयों, दलदली भूमि और धान के खेतों के आसपास रहना पसंद करता है। जमुआर नाले पर इनकी बड़ी संख्या में मौजूदगी क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

स्थानीय निवासी हरीराम, वीरेंद्र कुमार, राजाराम, पहलू, राम प्रसाद, तुलसीराम, उदयराज, रामकाश, राधेरमण और राममिलन का कहना है कि सारसों की मौजूदगी से नाले का वातावरण जीवंत हो उठा है। उनका मानना है कि ऐसे प्राकृतिक ठिकानों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की जरूरत है, ताकि सारस सहित अन्य पक्षियों को अनुकूल वातावरण मिलता रहे।