उज्जैन जिले के सालनाखेड़ी गांव में अवैध शराब जब्त करने गई आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में महिला उपनिरीक्षक सहित छह कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को आबकारी वृत्त तराना की उपनिरीक्षक रानी सिंह वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सालनाखेड़ी में जगदीश चौहान के घर के सामने हाथ भट्टी की कच्ची शराब रखे होने की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची तो जगदीश झोला लेकर खड़ा मिला। तलाशी में झोले से कच्ची शराब के पाउच बरामद हुए।

आबकारी कर्मचारी शराब जब्त करने की प्रक्रिया में जुटे ही थे कि जगदीश ने परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों को आवाज देकर बुला लिया। टीम को घेरकर मारपीट शुरू कर दी गई और छतों से पत्थर बरसाए गए, जिससे छह कर्मचारी घायल हो गए। हमले के दौरान आरोपियों ने आबकारी टीम के वाहनों में तोड़फोड़ की और कर्मियों से जब्त की जा रही शराब, नकदी, पर्स और शासकीय पहचान पत्र छीन लिए। टीम को जान से मारने की धमकी भी दी गई और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई।

घटना के बाद घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए भेजा गया। महिला उपनिरीक्षक रानी सिंह की शिकायत पर माकड़ोन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस ने सालनाखेड़ी निवासी जगदीश चौहान (43), पुत्र रतनलाल और उसके बेटे कुलदीप चौहान (19) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है।