मऊ में ठंड के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में भर्ती मरीजों की सुविधा के लिए हीटर और कंबल की व्यवस्था की है। जिला अस्पताल और सीएचसी के वार्डों में हीटर लगाने का काम शुरू हो गया है। विभाग का दावा है कि एक से दो दिन में यह काम पूरा कर लिया जाएगा।
जिला अस्पताल में 15 से अधिक वार्डों में 100 बेड संचालित हैं। यहां भर्ती प्रत्येक मरीज को एक-एक कंबल दिया जाएगा। हर वार्ड में एक हीटर लगाया जाएगा। कंबल वितरित करने की जिम्मेदारी स्टाफ नर्स को दी गई है। यह सुविधा तीमारदारों को भी निशुल्क उपलब्ध होगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों के वार्डों में हीटर लगाने और मरीजों को कंबल देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें ठंड से बचाया जा सके।
