राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भारत ने कभी किसी देश पर अपना शासन नहीं थोपा, बल्कि हमेशा मानवता और दूसरों की मदद को सबसे ऊपर रखा है। वे बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान दूसरों पर हुक्म चलाने से नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े होने से है। भागवत ने कहा कि भारत का सांस्कृतिक प्रभाव दुनिया के कई हिस्सों तक पहुंचा है।
भागवत ने कहा कि दुनिया की ताकतवर शक्तियां नहीं चाहतीं कि भारत तेजी से आगे बढ़े, क्योंकि वे अपना दबदबा बनाए रखना चाहती हैं। उनके मुताबिक, भारत की सोच किसी को दबाने की नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की है, और यही बात ऐसे देशों को पसंद नहीं आती। आरएसएस प्रमुख ने कहा कि भारत ने जरूरत पड़ने पर उन देशों की भी मदद की है, जिनके साथ उसके रिश्ते हमेशा अच्छे नहीं रहे। उन्होंने मालदीव में पानी की किल्लत के दौरान पानी पहुंचाने, आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को वित्तीय मदद देने, नेपाल की पर्यावरण संबंधी समस्याओं में सहयोग करने, बांग्लादेश को सहायता देने और बाढ़ व भूकंप जैसी आपदाओं में पाकिस्तान की मदद करने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ताकत का इस्तेमाल कमजोरों की रक्षा और शांति कायम करने के लिए होना चाहिए।
भागवत ने कहा कि मानवता किसी एक देश की जागीर नहीं है, लेकिन भारत ने हमेशा इसकी रक्षा की जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने बताया कि हाल के विदेश दौरे में अलग-अलग धर्मों के लोगों से बातचीत हुई, जहां कई लोगों ने उम्मीद जताई कि भारत दुनिया को आगे बढ़ने का रास्ता दिखा सकता है। उन्होंने कहा कि सफलता और असफलता के आधार पर किसी के प्रयासों का महत्व तय नहीं करना चाहिए और 1857 से 1947 तक चले स्वतंत्रता संघर्ष में हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण था। उनके मुताबिक, आज की युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से काफी हद तक बाहर निकल चुकी है और सच बोलने वालों का साथ देना चाहती है।
भागवत ने कहा कि समाज में अच्छा काम कर रहे लोगों के इरादों पर बेवजह शक करने के बजाय उनके काम से सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पद्म पुरस्कार पाने वाले लोगों ने अपने संकल्प और मेहनत से लाखों लोगों की जिंदगी में बदलाव लाया है। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का सपना तभी पूरा होगा, जब युवा इसमें अपनी पूरी ताकत लगाएंगे। तीन दिवसीय पद्मा महोत्सव का आयोजन ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से किया गया है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले पद्म पुरस्कार विजेता शामिल हो रहे हैं।