केंद्र सरकार ने डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए 2,632 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की है। इससे मुरादाबाद मंडल के जर्जर भवनों में चल रहे डाकघरों में सुधार की उम्मीद जगी है। मंडल के 481 डाकघरों में 405 ग्रामीण और 76 शहरी हैं। मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर मुख्यालयों को छोड़कर बाकी डाकघर किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं।
चंदौसी का डाकघर खंडहरनुमा भवन में चल रहा है, जहां पहचान के लिए बोर्ड तक नहीं लगा है। बारिश में छत से पानी टपकता है और सर्वर व जनरेटर की खराबी से कामकाज प्रभावित होता है। संभल में जिला कार्यालय होने के बावजूद प्रधान डाकघर की सुविधा नहीं है।
मुरादाबाद शहर में भवनों की खराब स्थिति के कारण कई डाकघर दूसरे केंद्रों में मर्ज किए गए हैं। बुध बाजार का डाकघर सिटी डाकघर में, मंडी चौक का प्रधान डाकघर में और टाउनहॉल का डाकघर पहले बुध बाजार फिर प्रधान डाकघर में शामिल किया गया। नई बस्ती का डाकघर फैजगंज में मर्ज किया गया, जो अब केवल एक कमरे में चल रहा है। प्रधान डाकघर में भी टीन शेड और टूटी कुर्सियां पड़ी हैं तथा दिव्यांगों के लिए सुगम पहुंच की व्यवस्था नहीं है।
योजना के तहत भवनों में सुधार, ग्रामीण डाकघरों को सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने, पार्सल पैकिंग इकाइयां स्थापित करने और स्मार्ट लेटर बाक्स लगाने का लक्ष्य है। सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, दिव्यांगों के लिए रैंप और ब्रेल संकेतक जैसी सुविधाएं भी विकसित की जानी हैं। प्रवर अधीक्षक डाकघर मुरादाबाद धर्मेश गगनेजा ने बताया कि योजना की जानकारी हुई है और दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे काम कराया जाएगा।
