26 नवंबर 2008 की रात मुंबई गोलियों की आवाज़ से दहल उठी थी। लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षित और भारी हथियारों से लैस दस चरमपंथियों ने शहर की कई जगहों और प्रतिष्ठित इमारतों को निशाना बनाया। यह हमला चार दिन तक चला, जिसमें 164 लोग मारे गए। हमलावरों ने दो पाँच सितारा होटलों, एक अस्पताल, रेलवे स्टेशन और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया। शुरू में किसी को अंदाज़ा नहीं था कि हमला इतना बड़ा है, लेकिन धीरे-धीरे इसके पैमाने और गंभीरता का पता चला। उसी रात आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे समेत मुंबई पुलिस के कई आला अधिकारी भी शहीद हो गए।

मुंबई पुलिस और जाँच अधिकारियों के मुताबिक़, हमलावर दो-दो के गुटों में बंटे हुए थे। लियोपोल्ड कैफ़े पहुंचे दो हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियाँ चलाईं, जहाँ ज़्यादातर विदेशी पर्यटक आते हैं। आधिकारिक आँकड़ों के मुताबिक़, यहाँ 10 लोग मारे गए। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर सबसे ज़्यादा अफ़रा-तफ़री मची। जाँच अधिकारियों के मुताबिक़, यहाँ हुई गोलीबारी में अजमल आमिर कसाब और इस्माइल ख़ान शामिल थे। कसाब बाद में पकड़ा गया, जबकि इस्माइल ख़ान मारा गया। यहाँ सबसे ज़्यादा 58 लोग मारे गए।

ओबेरॉय होटल में भी हमलावर भारी मात्रा में गोला-बारूद लेकर घुसे और कई लोगों को बंधक बना लिया। माना जाता है कि उस समय होटल में 350 से ज़्यादा लोग मौजूद थे। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवानों ने यहाँ दोनों हमलावरों को मार दिया। गेटवे ऑफ़ इंडिया के पास स्थित 105 साल पुराने ताजमहल होटल पर हमले के समय रात के खाने का समय था और बहुत सारे लोग इकट्ठा थे। सरकारी आँकड़ों के मुताबिक़, यहाँ 31 लोग मारे गए और चार हमलावरों को सुरक्षाकर्मियों ने मार दिया।

मुंबई पुलिस के मुताबिक़, चार हमलावरों ने एक पुलिस वैन को अगवा कर लिया और लगातार गोलियाँ चलाते हुए कामा अस्पताल में घुसे। अस्पताल के बाहर मुठभेड़ में हेमंत करकरे, अशोक कामटे और विजय सालसकर मारे गए। हमलावरों ने नरीमन हाउस, जिसे चबाड़ सेंटर भी कहा जाता है, को भी निशाना बनाया और कई लोगों को बंधक बना लिया। यह यहूदियों की मदद के लिए बना केंद्र था, जहाँ यहूदी पर्यटक भी ठहरते थे। यहाँ एनएसजी कमांडो को कार्रवाई के लिए हेलिकॉप्टर से बगल वाली इमारत में उतरना पड़ा। कार्रवाई में हमलावर मारे गए, लेकिन किसी भी बंधक को बचाया नहीं जा सका। यहाँ सात लोग और दो हमलावर मारे गए। चबाड़ हाउस पर हुए हमले में इसका संचालन करने वाले गेवरील और उनकी पत्नी रिवका भी मारे गए, जबकि उनका दो साल का बेटा मोशे बच गया। यहाँ छह यहूदी मारे गए थे।