मुंगेर के असरगंज प्रखंड में बदुआ नदी का पानी खेतों तक पहुंचाने वाला खैराती डांड नहर करीब आठ-दस वर्षों से बदहाल है। जलकुंभी, मिट्टी, कचरे और अतिक्रमण के कारण नाले का प्रवाह बाधित हो गया है, जिससे करीब 40 गांवों की सिंचाई ठप है। पहले इसी नहर से असरगंज बस स्टैंड होते हुए रामानंद पारसी राम उच्च विद्यालय के रास्ते खेतों तक पानी पहुंचता था।

किसान रोहित कुमार, अभिषेक कुमार, पंकज कुमार, निराला, सुजीत कुमार, नीरज कुमार, रमांशु कुमार और दीपक साह ने बताया कि नाले की सफाई और मरम्मत नहीं होने से परेशानी बढ़ रही है। धान के साथ रबी, सरसों और अरहर की खेती करने वाले किसान अब बोरिंग से सिंचाई कर रहे हैं, जिससे डीजल और बिजली पर खर्च बढ़ रहा है और मुनाफा घट रहा है।

किसानों ने मुख्यमंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी और लघु सिंचाई विभाग को आवेदन देकर नाले की मरम्मत और पानी का प्रवाह बहाल करने की मांग की है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि लघु सिंचाई विभाग के पदाधिकारी से लगातार संपर्क किया जा रहा है और करीब 15 दिन पहले तारापुर लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी खैराती डांड की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। जल्द सफाई, मरम्मत और अतिक्रमण हटने की उम्मीद है, ताकि बदुआ नदी का पानी फिर खेतों तक पहुंच सके।