मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर पिता और उसकी दूसरी पत्नी पर 15 वर्षीय बेटी की जान लेने का प्रयास करने का आरोप लगा है। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है, जबकि किशोरी को वन स्टाप सेंटर में रखा गया है।
भोपा के गांव रुड़कली तालाब अली निवासी समीर उर्फ अबू सहमा ने भोपा थाने में मुकदमा दर्ज कराया कि उसके भाई फैसल की पहली पत्नी से 15 वर्षीय बेटी हीबा है। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर फैसल और उसकी दूसरी पत्नी साया हसीन आए दिन हीबा के साथ मारपीट करते थे। कुछ दिनों से हीबा घर पर नहीं दिख रही थी। पूछने पर दंपती ने बताया कि उन्होंने उसकी शादी कर दी है, जिससे समीर को संदेह हुआ।
समीर के अनुसार, शुक्रवार को उन्हें जानकारी मिली कि फैसल और उसकी पत्नी हीबा को लेकर नंगला बुजुर्ग से आ रहे हैं। वह स्वजन के साथ गंगनहर की पटरी पर उनकी तलाश में पहुंचे। जौली-अकबर रोड के पास दूसरी ओर से एक लड़की के मदद के लिए चीखने की आवाज सुनाई दी। दूसरी पटरी पर पहुंचे तो पुलिस और स्थानीय लोग किशोरी को नहर से बाहर निकालने में जुटे थे। बाहर निकालने पर पता चला कि वह उनकी भतीजी हीबा थी।
हीबा ने बताया कि उसके पिता और सौतेली मां ने पहले उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर मारने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों ने उसे जान से मारने की नीयत से गंगनहर में धक्का दे दिया और मौके से भाग गए। वह किसी तरह तैरकर किनारे पहुंची और पेड़ की टूटी शाखा पकड़कर मदद के लिए चिल्लाने लगी। राहगीरों और पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया।
भोपा सीओ राधा रमन सिंह ने बताया कि समीर उर्फ अबू सहमा की तहरीर पर हत्या का प्रयास व किशोर न्याय अधिनियम के तहत आरोपित पिता फैसल और उसकी पत्नी साया हसीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है। पीड़िता को वन स्टाप सेंटर में रखा गया है और सोमवार को उसके बयान दर्ज कराकर सिपुर्दगी की कार्रवाई की जाएगी। दंपती का कहना है कि उनकी बेटी उनके कहने-सुनने में नहीं थी।
