मुजफ्फरपुर के बेला स्थित साइबर थाने में शनिवार शाम चार युवकों ने सिपाहियों पर हमला कर मारपीट की, जिसमें एक सिपाही का सिर फूट गया। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। साइबर डीएसपी हिमांशु शर्मा ने घटना की पुष्टि की।

बताया गया कि चारों युवक शाम में बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और शिकायत लेकर साइबर थाना पहुंचे थे। थाने में तैनात सिपाही अतुल कुमार ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा, क्योंकि वह एक केस के काम में व्यस्त थे। इस पर युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। सिपाही ने उन्हें शांत रहने की हिदायत दी, लेकिन आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी और एक आरोपित ने कंप्यूटर का की-बोर्ड उठाकर सिपाही के सिर पर मार दिया, जिससे सिर फूट गया।

हल्ला सुनकर सिपाही नीतीश कुमार और आंचल कुमारी भी मौके पर पहुंचे। बीचबचाव का प्रयास करने पर आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की और थाने में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। साइबर थाने का संचालन बेला थाना परिसर स्थित भवन से होता है, इसलिए हंगामा सुनकर बेला थाना के पुलिसकर्मी भी पहुंचे और मामला शांत कराया।

पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में वे शेरपुर, बेला और मिठनपुरा के रहने वाले बताए गए हैं। घायल सिपाहियों का इलाज कराया गया है। सिपाही अतुल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।