नालंदा के सोहसराय हाल्ट के पास शुक्रवार सुबह रेलवे क्रॉसिंग पर भीषण जाम लग गया, जिसके कारण राजगीर-बख्तियारपुर मेमू ट्रेन करीब 15 मिनट तक ट्रैक पर रुकी रही। क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी थी और कुछ वाहन रेलवे ट्रैक पर भी फंस गए, जिससे ट्रेन का परिचालन बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान और रहुई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक से वाहनों को हटवाया गया, इसके बाद मेमू ट्रेन आगे बढ़ सकी और परिचालन सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दिनों शादी-विवाह का मौसम चल रहा है, जिसके कारण सोहसराय हाल्ट के पास रेलवे क्रॉसिंग पर अक्सर जाम लग रहा है। एक-दो दिन के अंतराल पर लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ता है, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहनों के साथ-साथ ट्रेन यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
बिहारशरीफ के स्टेशन प्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सोहसराय हाल्ट पर ठहराव वाली ट्रेन के गुजरने के दौरान क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खुलते ही वाहन चालक पहले निकलने की होड़ में लग जाते हैं और इसी जल्दबाजी में कई बार वाहन रेलवे ट्रैक पर फंस जाते हैं। ऐसी स्थिति में फाटक को दोबारा बंद करना मुश्किल हो जाता है और अगली ट्रेन को इंतजार करना पड़ता है। उनके अनुसार, जिन ट्रेनों का सोहसराय हाल्ट पर ठहराव नहीं होता, उनके गुजरने के दौरान ऐसी स्थिति कम बनती है।
